चीन- हुबेई ने पकड़ी रफ्तार, ट्रेनों और एयरपोर्ट में भीड़;

चीन के हुबेई प्रांत में जिंदगी फिर पटरी पर लौट रही है। यहां 6 करोड़ लोग घरों में कैद थे। लॉकडाउन हटने के बाद बुधवार को हुबेई में ट्रेनों, एयरपोर्ट और बसों में लोगों की भीड़ रही। सुरक्षाकर्मी भीड़ को शांतिपूर्ण ढंग से नियंत्रित कर रहे थे। अन्य इलाकों में फंसे हुबई के लोग भी घर लौटने की तैयारी कर रहे हैं। करीब दो हजार लोग एक दिन में सड़क मार्ग से माचेंग लौटे। कोरोना का केंद्र रहे वुहान शहर में भी बसें शुरू हो गईं। इन बसों को 30 हाईवे समेत 117 मार्गों पर चलाने की अनुमति दी गई है। प्रशासन ने हुबई आने-जाने के लिए ग्रीन हेल्थ कार्ड जारी किए हैं। ये कार्ड उन्हें दिए गए हैं, जो संक्रमित नहीं हैं। हुबेई से 21 हजार स्वास्थ्य कर्मी अपने घर लौट गए हैं। साथ ही यहां फंसे लोग भी अपने शहर लौटने लगे हैं।